शामली। शहर के काकानगर मोहल्ले में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में मंगलवार देर रात अचानक खराबी आने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में रात भर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम रातभर मरम्मत में जुटी रही, लेकिन सफलता न मिलने पर बुधवार को अस्थायी तौर पर ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
बिजली फेल होने की इस घटना से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश रहा। विभाग की जांच में यह बात सामने आई कि ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने के कारण वह खराब हो गया। विभाग ने दोपहर तक वैकल्पिक ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की, जिससे काकानगर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में राहत पहुंच सकी।
इसी बीच नगर पालिका शामली के सभासद रोबिन गर्ग ने बुधवार को अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पूरे शहर में बिजली आपूर्ति की बदतर स्थिति पर चिंता जताई गई है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तेज़ हवा या थोड़े से लोड पर भी तार फुंक जाते हैं या शॉर्ट सर्किट हो जाता है, जिससे व्यापक क्षेत्र में बिजली बाधित हो जाती है।
उन्होंने विशेष रूप से बड़े बाजार, नया बाजार, गांधी चौक, गंगा मंदिर वाली गली, मुरारी वाला कुआं, पुरानी शिव मूर्ति और हलवाई हट्टा जैसे क्षेत्रों में जर्जर विद्युत लाइनों की स्थिति पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि तारों की स्थिति गंभीर है और आए दिन फॉल्ट से जनता परेशान है। उन्होंने ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कराने और बार-बार आने वाले फॉल्ट की स्थायी मरम्मत की मांग की ताकि जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
गौरतलब है कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे विद्युत विभाग को एक के बाद एक फॉल्ट से जूझना पड़ रहा है। इससे न केवल मरम्मत कार्य में समय लग रहा है, बल्कि आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।











Discussion about this post