मुजफ्फरनगर। शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने आज के दौर में रिश्तों की अहमियत शून्य होने पर मुहर लगा दी है। शादी की खुशियों के बीच अचानक दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत होने की खबर ने न सिर्फ वर-वधू पक्ष बल्कि पूरे जिले को हिला दिया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद इस मामले की कुछ ओर ही सच्चाई सामने आई तो लोग हैरान रह गए।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शादी के लिए ब्यूटी पार्लर में सजने संवरने गई दुल्हन के हार्ट अटैक से मौत की खबर झूठी निकली है। दुल्हन को अटैक नहीं आया था बल्कि वह फरार हो गई थी। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने महिला डॉक्टर और उसकी एक मित्र को हिरासत में ले लिया है।
परिवार से जुडे लोगों ने मीडिया को बताया कि शांति नगर निवासी डॉ. भारत भूषण के बेटे डॉ. विजय भूषण की शादी झांसी की डॉ. सुषमा से तय हुई थी। करीब 3 महीने पहले दोनों की सगाई हुई थी। मंगलवार को डॉ. सुषमा का परिवार मुजफ्फरनगर शादी करने पहुंचा। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के नाथ फार्म में शादी की पूरी तैयारी की गई थी। सारी रस्में पूरी होने के बाद सुषमा शाम 4 बजे मेकअप करवाने पार्लर चली गई। परिवार को लोग उसे लॉन से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित पार्लर में छोड़कर आ गए। 3 घंटे बाद जब उसको लेने पहुंचे तो वो पार्लर में नहीं मिली। ब्यूटी पार्लर वालों ने बताया कि वह वह तो यहां से निकल गई हैं। फोन मिलाने पर भी उनसे बात नहीं हो पाई।
इसके बाद दुल्हन की हार्टअटैक से मौत होने की खबर फैला दी गई। दुल्हन की मौत की खबर से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मैरिज होम में ताला लग गया। दूल्हे के घर लोगों की भीड़ जुट गई।
किसी ने इस बात की जानकारी पुलिस को दे दी। बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने परिवार से मामले की जानकारी ली तो परिजन बार-बार बयान बदल रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने की बात कही तो परिवार मना करने लगा। परिवार शव दिखाने के लिए तैयार नहीं था। जिस पर पुलिस को कुछ शक हुआ। पुलिस ने सबसे पहले पार्लर के सीसीटीवी चेक किए। जिसमें सुषमा अपनी महिला मित्र सीमा के साथ जाती दिखी।
पुलिस ने बुधवार सुबह डॉक्टर दुल्हन और उसकी महिला मित्र को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनों को मुजफ्फरनगर ले आई है। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में परिवार के लोग कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। वहीं पुलिस शाम तक मामले में जानकारी देने की बात कह रही है। बता दें, सुषमा और सीमा झांसी की रहने वाली हैं। दोनों में प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है।










Discussion about this post