नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार शाम में तेज हवाओं के बाद दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद मौसम कूल-कूल हो गया है। इससे पहले दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी का अहसास हो रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 4 जून तक हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। आंधी के दौरान हवाएं 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 35 से 38 और न्यूनतम 25 से 29 डिग्री तक रह सकता है। 5 और 6 जून को मौसम शुष्क रहेगा। आंशिक बादल छाए रहेंगे। उमस वाली गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 37 से 39 और न्यूनतम 25 से 28 डिग्री तक रह सकता है।
आईएमडी की वेबसाइट पर दी गई 7 दिन की पूर्वानुमान रिपोर्ट के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम इसी प्रकार अस्थिर बना रह सकता है। 1 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 2 से 4 जून के बीच गरज और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, जबकि 5 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
इस मौसम के बदलाव से एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावनाओं को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या कच्चे निर्माण स्थलों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतना आवश्यक है।











Discussion about this post