मुजफ्फरनगर। बेगरजपुर स्थित महलका मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड(कीया कंपनी) के फरार मैनजेर जुहेब हसन खान आदि के खिलाफ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ठगने के तीन और मुकदमे दर्ज कराए गए। इस मामले में अब तक पांच से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
मंसूरपुर के नरा गांव निवासी मोहम्मद मुर्सलीन ने मुकदमा दर्ज कराया कि बुकिंग अमाउंट के रूप में दो लाख रुपये महलका मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार शोरूम मैनेजर जुहेब हसन खान, उसके साथी कर्मचारी लविश आदि के पास सोनेट कार खरीदने के लिए नकद जमा कराए थे।
पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी जैनेन्द्र कुमार उर्फ बिट्टू ने लिखाया कि बहन प्रियंका की शादी में उपहार देने के लिए उन्होंने सोनेट ओपी गाड़ी बुक कराई थी। मैनेजर जुहेब हसन खान व उसके साथी कर्मचारियों के कहने पर 9 लाख 30 हजार रुपये जमा कराए थे। पुरकाजी के नूर नगर निवासी गोविंद कुमार से भी इसी तरह कार बुकिंग के नाम पर एक लाख 85 हजार रुपये की ठगी की गई। यह रकम सीधे जुहेब हसन आदि के खातों में स्थानांतरित की गई थी।
आरोप है कि बार-बार जानकारी करने पर डिलीवरी की सही तिथि नहीं बताई और बहकाते रहे। बाद में शोरूम मालिक ने बताया कि मैनेजर व कर्मचारियों ने यह रकम जमा नहीं कराई। मंसुरपुर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ खतौली राम आशीष यादव ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले में मुकदमे दर्ज हुए हैं। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
बेगरजपुर स्थित महलका मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड का मैनेजर जुहेब हसन खान कार की बुकिंग के नाम पर लोगों से कई करोड़ रुपये ठग कर अपने साथी कर्मचारियों के साथ फरार हुआ है। ठगी के शिकार लोगों ने दो दिन तक मंसूरपुर थाने पर हंगामा किया था। शोरूम मालिक ने कुछ लोगों के रुपये वापस लौटाए हैं। भाकियू कार्यकर्ताओं ने शाेरूम मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।











Discussion about this post