शामली। जिले में नगर निगम की एक अनोखी कार्रवाई ने लोगों के बीच सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के कई मोहल्लों में गलियों और सड़कों की जर्जर हालत होने के बावजूद उनका निर्माण नहीं कराया जा रहा है। वहीं, नगर पालिका के जेई ने दावा किया है कि नेहरू मार्केट की साफ-सुथरी दिख रही आरसीसी सड़क को चूहों ने नीचे से खोखला कर दिया था, इसलिए उसकी तोड़-फोड़ कर नवनिर्माण किया जा रहा है।
रविवार सुबह नगर पालिका ने नेहरू मार्केट की सही हालत में दिख रही सड़क को जेसीबी मशीन से तोड़ना शुरू कर दिया। जब इस मामले में अधिशासी अधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा। बाद में नगर पालिका के जेई श्रीकांत राणा से बात की गई, जिन्होंने बताया कि मार्केट में करीब 70 फुट लंबी आरसीसी सड़क के नवनिर्माण का टेंडर जारी किया गया है क्योंकि चूहों ने इसे खोखला कर दिया था और सड़क में दरारें आ गई थीं।
नगर पालिका के इस जवाब को सुनकर कई लोग हैरान हैं और सवाल कर रहे हैं कि क्या अधिकारियों के पास ऐसा कोई यंत्र है जिससे वे सड़क की अंदरूनी हालत को बिना खुदाई देख सकें। सूत्र बताते हैं कि शहर में कई टूटी-फूटी सड़कों की भरमार है, जिससे आम नागरिक परेशान हैं। दयानंद नगर में भी एक टूटी सड़क का टेंडर जारी हो चुका है, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
इसके अलावा, शहर में एक प्राइवेट एलपीजी कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के कारण कई गलियों और मोहल्लों की सड़कें टूटी हुई हैं, लेकिन नगर पालिका की तरफ से उन सड़कों की सुध लेने की कोई पहल नहीं हो रही। टूटी-फूटी सड़कों के कारण जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।











Discussion about this post