मुजफ्फरनगर : नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संभल सीओ अनुज चौधरी को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अनुज चौधरी को किसी सरकार की राजनीति का शिकार नहीं बनना चाहिए और उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि सरकार जब अपना काम निकाल लेगी, तो अनुज को “दूध में से मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया जाएगा।’
यह बयान तब सामने आया जब सांसद चंद्रशेखर आजाद सोमवार को एक मामले में कोर्ट में पेशी पर आए थे। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अनुज चौधरी, जो इस समय सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं, वह जनता की नजरों में पार्टी बन जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को अनुज द्वारा किए जा रहे किसी भी काम का फायदा नहीं उठाना चाहिए।
सांसद चंद्रशेखर आजाद का मानना है कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं होना चाहिए और अगर किसी अधिकारी को राजनीति में घसीटा जाएगा, तो यह उनके लिए नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि “अनुज चौधरी का जो भी काम है, वह सिर्फ और सिर्फ उनके विभाग से जुड़ा होना चाहिए, और इस पर राजनीति का कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।”
चंद्रशेखर आजाद का बयान इस तथ्य की ओर भी इशारा करता है कि स्थानीय राजनीति में पुलिस अधिकारियों को सरकार के दबाव में काम करना पड़ता है। हालांकि सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुज चौधरी जैसे अफसरों को सावधान रहना चाहिए कि वे किसी भी राजनीतिक फायदे के लिए अपनी स्थिति का उपयोग न करें। सांसद ने यह बयान देते हुए कहा, “यह बहुत जरूरी है कि अनुज चौधरी जैसी शख्सियतें इस राजनीति के खेल का हिस्सा ना बने और अपने काम को सिर्फ और सिर्फ सही तरीके से निभाएं।”











Discussion about this post