मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र में स्थित एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य पर छात्र ने गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्र ने थाना तितावी में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने उसकी चोटी जबरन काट दी और माथे से तिलक हटा दिया।
प्रकरण को लेकर छात्र के परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष है, हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फुगाना सुश्री ऋषिका सिंह को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी फुगाना सुश्री ऋषिका सिंह ने अपने वीडियो बयान में स्पष्ट किया कि “एक छात्र द्वारा प्रधानाचार्य पर आरोप लगाया गया है कि उसकी चोटी काटी गई और तिलक हटाया गया। फिलहाल जांच की जा रही है, तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस विभाग का कहना है कि निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी।











Discussion about this post