अयोध्या। संदिग्ध परिस्थितियों में रामजन्मभूमि थाने के कटरा पुलिस चौकी में तैनात होमगार्ड की मौत हो गई। पुलिस चौकी के कमरे के अंदर ही फंदे से लटकता हुआ शव पाया गया। होमगार्ड विंध्याचल मिश्र (35) खंडासा कंपनी में तैनात थे। पारिवारिक विवाद के चलते होमगार्ड के फांसी लगाई जाने की आशंका है।
परिजनों की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम के सामने पुलिस चौकी के कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को निकाला गया। खुदकुशी करने वाले होमगार्ड की रात में निगरानी ड्यूटी थी। वह रात 12:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक ड्यूटी पर तैनात थे। देर रात मोबाइल पर बात भी कर रहे थे। इस बारे में ड्यूटी पर मौजूद साथियों ने जानकारी दी। इसके बाद पुलिस चौकी के कमरे का दरवाजा बंद करके फांसी लगा ली। फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की है।
मामले में सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी का कहना है कि कमरा अंदर से बंद था। होमगार्ड ने निजी कारणों से आत्महत्या की है जबकि कमांडेंट होमगार्ड राघवेंद्र शुक्ल ने कहा कि वह खंडासा कंपनी में तैनात थे। आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। इनकी ड्यूटी रामजन्मभूमि थाना के कटरा पुलिस चौकी पर थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।











Discussion about this post