देहरादून। देहरादून और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगहों पर सड़कें धंस गई हैं, नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में पानी भर गया है। कुछ गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से पूरी तरह कट चुका है। इसी गंभीर स्थिति के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार देर रात राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने खुद मॉनिटरिंग की और राहत-बचाव योजनाओं की समीक्षा की।
कंट्रोल रूम के अंदर बड़े-बड़े स्क्रीन पर पहाड़ी जिलों से लाइव फीड आ रही थी, जिसमें फंसे लोगों को रेस्क्यू करने की तस्वीरें, टूटे पुल और पानी में डूबी बस्तियां दिखाई दे रही थीं। सीएम धामी ने प्रमुख सचिव, जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन टीम से रियल-टाइम अपडेट लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया—“किसी भी इलाके में फंसे लोगों तक राहत सामग्री और मेडिकल टीम तुरंत पहुंचे, हेलिकॉप्टर और एनडीआरएफ की टीम स्टैंडबाई पर रहें, और संचार नेटवर्क बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार हों।”
“राजनीति करने का समय बहुत मिलेगा, लेकिन इस वक्त हमारा पूरा फोकस सिर्फ राहत और बचाव पर है। यह समय एक-दूसरे पर सवाल उठाने का नहीं, बल्कि साथ खड़े होने का है।”
उन्होंने मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों से अपील की—“अफवाहों से बचें, घबराएं नहीं, प्रशासन का सहयोग करें और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।”
देर रात तक सीएम धामी कंट्रोल रूम में मौजूद रहे और हर जिले के अपडेट लेकर तैनाती का रोडमैप तय करते रहे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह से ही वे प्रभावित इलाकों के ज़मीनी दौरे पर निकलेंगे।











Discussion about this post