बरेली। रविवार रात बदमाशों ने बरेली-पीलीभीत रेलमार्ग पर भोजीपुरा थाना क्षेत्र के दोहना में 05307 टनकपुर-बरेली जंक्शन पैसेंजर ट्रेन को पटरी से उतारने की साजिश रची।शरारती तत्वों ने रेलवे ट्रैक की कैंची में पत्थर भर दिए और दो स्थानों पर टीआरडी लाइन अर्थ लाइन को क्षतिग्रस्त कर उसके लोहे के एंगल को ट्रैक पर रख दिया। लोको पायलट ने शक होने पर इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन को रोक दिया। इससे हादसा होने से टल गया।
टनकपुर-बरेली जंक्शन पैसेंजर ट्रेन टनकपुर से प्रतिदिन रात 9:30 बजे टनकपुर से चलने के बाद 12:55 बरेली जंक्शन आती है। यह ट्रेन रविवार रात 11:58 बजे दोहरा स्टेशन के पास पहुंची थी। लोको पायलट को ट्रैक क्लियर न होने की शक हुआ और उसने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन को रोक दिया। नीचे उतर कर देखा तो ओएचई का 8-टीडीआर और 4-टीडीआर अर्थ लाइन क्षतिग्रस्त थी। अर्थ लाइन के लोहे के एंगल को क्षतिग्रस्त करने के बाद रेल लाइन पर डाल दिया गया था। रेल ट्रैक की कैंची में पत्थर भरे हुए थे। लोको पायलट ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर जीआरपी अभिषेक शर्मा और भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। 20 मिनट के बाद रेल लाइन को क्लियर कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया है। मामले में आरपीएफ, जीआरपी और भोजीपुरा पुलिस संयुक्त जांच कर रही है। इंस्पेक्टर अभिषेक शर्मा ने बताया कि खुराफाती तत्वों की हरकत है। ट्रैक पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। साजिश करने वालों की तलाश की जा रही है।
टनकपुर-पीलीभीत-बरेली रेलखंड पर पहले भी इस तरह की वारदात होती रही हैं। गौर करने की बात यह है कि हालिया घटनाओं में एक का भी खुलासा नहीं हो सका है। बरेली-टनकपुर रेलखंड में हाफिजगंज थाने के दिवनापुर हॉल्ट के पास 17 नवंबर 2024 को रेलवे ट्रैक पर 1.25 मीटर लंबा और 31 किलो वजनी लोहे का टुकड़ा रख कर ट्रेन पलटने की शाजिस हो चुकी है।
इससे पहले 13 जनवरी को बरेली-टनकपुर रेलखंड में बिजौरिया स्टेशन के पास बरेली सिटी-टनकपुर पैसेंजर को पलटने की साजिश की गई थी। खुराफातियों ने रेलवे ट्रैक पर भारी-भरकम पत्थर रख दिए थे। इससे पहले बरेली-टनकपुर रेलखंड में ही खुराफातियों ने पटरियों के 15 पेंड्रोल क्लिप खोलकर ट्रेनों को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी।











Discussion about this post