मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में शिवसेना के प्रदेश महासचिव डॉ. योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने पश्चिम बंगाल में वक्फ बिल के विरोध के नाम पर हो रही हिंसक घटनाओं के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को सौंपकर पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की गई।
शिव सेना ने अपने ज्ञापन में कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले कई दिनों से वक्फ बिल के विरोध के नाम पर हिंसक दंगे हो रहे हैं। हिंदू समाज के लोगों को उनके घरों से निकालकर जान से मारा जा रहा है, हिंदू महिलाओं के साथ दरिंदगी की जा रही है, और उनकी संपत्तियों को लूटकर नष्ट किया जा रहा है।
शिव सैनिकों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा दंगाइयों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे प्रतीत होता है कि दंगाइयों को उनका पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। ज्ञापन में शिव सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी मुख्यमंत्री और सरकार का कोई औचित्य नहीं है। हिंदू हितों की रक्षा के लिए पश्चिम बंगाल की सरकार को तुरंत बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान शिव सेना के मंडलाध्यक्ष लौकेश सैनी, जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा, नगराध्यक्ष जितेंद्र गोस्वामी, युवा जिलाध्यक्ष शैंकी शर्मा, और पंकज भारद्वाज सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पश्चिम बंगाल की स्थिति पर रोष जताया और केंद्र सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की।











Discussion about this post