मुजफ्फरनगर। एक मस्जिद के मुअज्जिन ने एक पुलिस इंस्पेक्टर का सिर कलम करने की धमकी दी। जैसे ही धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस ने तुरंत मुअज्जिन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली और उसे गिरफ्तार करने की कोशिशें तेज कर दीं। यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।
दो दिन पहले सिविल लाइंस थाना इलाके के मदीना चौक पर मदीना मस्जिद के मुअज्जिन मोहम्मद इरफान ने कच्ची सड़क चौकी इंचार्ज विनोद चौधरी पर अजान के दौरान तेज आवाज को लेकर बदतमीजी करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि इंस्पेक्टर ने मुअज्जिन को मस्जिद से घसीटा और उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद जमीयत उलेमा-ए-हिंद के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए SSP को ज्ञापन दिया।
जांच चल ही रही थी कि गुरुवार को मोहम्मद इरफान की एक नई वीडियो वायरल हो गई। इसमें वे जमीयत के कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान अपनी आपबीती सुना रहे थे, लेकिन इसी दौरान उन्होंने दरोगा की गर्दन काटने की धमकी दे डाली। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तुरंत सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में मुअज्जिन मोहम्मद इरफान के खिलाफ FIR दर्ज की और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश शुरू कर दी। सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक आदमी पुलिस ऑफिसर को जान से मारने की धमकी दे रहा है। केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि पुलिस पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी, लेकिन पुलिस को धमकी देना गंभीर अपराध है, इसलिए FIR दर्ज करना ज़रूरी है। इस बीच, केस दर्ज होने के बाद मोहम्मद इरफान ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह अपने शब्द वापस लेते हैं और सरकार और प्रशासन का सम्मान करते हैं।











Discussion about this post