शामली। जिले के पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम का स्थानांतरण मुरादाबाद होने पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस व प्रशानिक अधिकारियों के साथ साथ समाजसेवी लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत करते हुए विदाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अरविन्द कुमार चौहान ने कहा कि एसपी राम सेवक गौतम के 13 माह 16 दिन के कार्यकाल में जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत रही। सकुशल कांवड़ यात्रा संपन्न कराना, बैंक घटना पर तत्पर कार्रवाई, फर्जी आयुष्मान कार्डों पर कार्यवाही, थानों में ओपन जिम जैसी व्यवस्थाएँ उनकी उपलब्धियों में शामिल हैं। एसपी गौतम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान जो भी चुनौतियाँ सामने आईं, उनका सामना जिला प्रशासन व टीमवर्क से किया गया। जनपदवासियों का जो स्नेह और सहयोग मिला, उसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने त्योहारों, कांवड़ यात्रा और आपराधिक घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई को यादगार बताया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों व गणमान्यों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने एसपी गौतम को अंगवस्त्र व माँ दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में डीएम अरविन्द कुमार चौहान, सीडीओ विनय कुमार तिवारी, एडीएम सत्येन्द्र सिंह, एडीएम न्यायिक परमानन्द झा, एसडीएम सदर अर्चना शर्मा, एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज, एसडीएम न्यायिक हामिद हुसैन, डिप्टी कलेक्टर शिवाजी यादव मौजूद रहे।











Discussion about this post