मेरठ। मेरठ से लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हापुड़ स्टेशन पर भी रुकेगी। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र अग्रवाल की पैरवी से यह संभव हो पाया है। जिस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को नई दिल्ली में पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने पुरजोर तरीके से मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज हापुड़ में दिए जाने की मांग रखी। मेरठ के पूर्व सांसद राजेंदं अग्रवाल ने रेल मंत्री को बताया कि हापुड़ न केवल एक जिला मुख्यालय है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और शैक्षिक केंद्र भी है। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री, व्यापारी और छात्र लखनऊ व प्रयागराज की ओर यात्रा करते हैं, जिनके लिए वंदेभारत का ठहराव एक बड़ी सुविधा साबित होगा। पूर्व सांसद की इस मांग को रेल मंत्री ने गंभीरता से लिया और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। रेल मंत्री वैष्णव ने आश्वासन दिया कि इस मांग पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
वाराणसी तक जाएगी वंदेभारत, मेरठ से काशी का सफर होगा आसान बैठक के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मंत्रालय मेरठ-लखनऊ वंदेभारत एक्सप्रेस को भविष्य में वाराणसी तक विस्तारित करने की योजना पर भी गंभीरता से काम कर रहा है। यदि यह योजना सफल होती है, तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश सीधे बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से उच्च गति की रेल सेवा के जरिए जुड़ जाएगा। राजेंद्र अग्रवाल की इस सफल पहल के बाद हापुड़ और मेरठ की जनता में खुशी की लहर है। लोगों को अब उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें न केवल लखनऊ, बल्कि वाराणसी तक के लिए एक आरामदायक और तेज रफ्तार ट्रेन की सौगात मिलेगी।











Discussion about this post