झिंझाना। थाना क्षेत्र में मेरठ करनाल हाईवे पर वेदखेड़ी चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बुलेट सवार बीडीसी कौसर (40) और उसके बेटे फरहान (6) को पीछे से टक्कर मार दी और कुचल दिया। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में गम का माहौल है और गांव में मातम छा गया।
शुक्रवार की शाम गांव तिसंग निवासी बीडीसी कौसर अपने पुत्र फरहान के साथ बुलेट पर कस्बा झिंझाना में किसी काम से आया था। झिंझाना में अपना काम खत्म करने के बाद देर रात पिता-पुत्र दोनों बुलेट से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे मेरठ-करनाल हाईवे पर वेदखेड़ी तिराहा मोड़ के निकट पहुंचे तो पीछे से शामली की तरफ से तेजी से आ रहे ट्रक ने बुलेट में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए और टके पहिये के नीचे आकर कुचले जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। झिंझाना थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post