मेरठ। सिविल लाइंस क्षेत्र के मानसरोवर कॉलोनी निवासी ज्वैलर्स विक्रांत कपूर से दिल्ली की दो फर्मों के संचालकों ने करीब 3.96 करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में विक्रांत कपूर ने बताया कि शहर सराफा बाजार में उनकी विक्रांत कपूर के नाम से फर्म है। वह आभूषणों की ट्रेडिंग व मैन्युफैक्चरिंग का काम करते हैं। जब वह किसी अन्य सराफ से आभूषण लेकर आगे ग्राहक को बेचते हैं तो यह काम कमीशन पर होता है। इसमें एक से पांच प्रतिशत तक का ही लाभ मिलता है।
वह दिल्ली की फर्म राज ज्वैलर्स और आलिया ज्वैलर्स के साथ 10-12 साल से व्यापार कर रहे थे। दोनों फर्मों के मालिक मुकेश कोहली व उनकी पत्नी नितिका व बेटे अनुज कोहली और अंकित कोहली गुरुग्राम में रहते हैं।
करीब आठ माह पूर्व ये लोग अपने कर्मचारी पदम और प्रकाश के साथ उनके पास आए थे। उनसे सोने के आभूषण ग्राहकों को बेचने के लिए आरोपियों ने मांगे। विक्रांत कपूर ने मार्केट से 4461.217 ग्राम सोने के आभूषण उन्हें दे दिए। तब सोने का भाव 77,700 रुपये प्रति तौला था। इसके हिसाब से आभूषणों की कीमत करीब 3.46 करोड़ रुपये थी।
इसके अलावा आरोपियों ने ग्राहकों को दिखाने के लिए 640 ग्राम सोने के आभूषण मंगाए थे। यह आभूषण भी आरोपियों ने वापस नहीं किए और न ही पेमेंट किया। जबकि एक माह में पूरा भुगतान करने का वादा किया था। एक माह बाद पीड़ित ने रुपये का तकादा किया तो आरोपियों ने कुछ चेक देकर कहा कि इनसे बैंक से कुछ भुगतान ले लेना। शेष भुगतान जल्द कर देंगे।
विक्रांत कपूर ने बैंक में चेक लगाए तो वह बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने रुपये की मांग की तो आरोपी उन्हें लगातार टालते रहे। 15 अप्रैल को पीड़ित ने आरोपियों से फोन पर तकादा किया तो गाली-गलौज करते हुए जान से मरवाने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों को जिन लोगों से आभूषण लेकर दिए थे, वह लगातार उनसे तकादा कर रहे हैं। उन्हें आरोपियों से अपनी जान को खतरे की आशंका भी है। एसएसपी ने सिविल लाइन पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए थे। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post