मेरठ। दुल्हैंडी पर शॉप्रिक्स मॉल के वेव सिनेमा में छावा मूवी का रात्रि शो देखकर लोग लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। इस बीच बिजली गुल होने से लिफ्ट बंद हो गई। इस दौरान करीब 12 लोग लिफ्ट में फंस गए। लगभग 15 मिनट तक फंसे रहने से लोगों को सांस लेना भी दूभर हो गया। इस बीच अफरातफरी मच गई। इस बाबत पीड़ित बैंक मैनेजर ने सोमवार को जिलाधिकारी से शिकायत की।
जागृति विहार कीर्ति पैलेस निवासी यूपी ग्रामीण प्रथमा बैंक के मैनेजर प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि वह अभी हाल ही में मेरठ शिफ्ट हुए हैं। पत्नी, बेटा और बेटी के साथ दुल्हैंडी के दिन मूवी देखने शॉप्रिक्स मॉल गए थे। मूवी देखने के बाद परिवार के साथ ग्लास लिफ्ट में सवार हुए। इस बीच अचानक लाइट चली गई। लाइट न आने पर लिफ्ट में सवार 12 लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। काफी देर तक लाइट न आने के कारण उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी।
इस बीच काफी संख्या में लोग लिफ्ट के बाहर एकत्रित हो गए। लिफ्ट का अंदर वाला हिस्सा लोगों ने हाथों से खोल दिया। हालांकि बाहर वाला हिस्सा नहीं खुल पाया। लाइट आने के बाद भी लिफ्ट प्रश्न का चिन्ह दिखाती रही। ऐसे में लोगों में भय और अधिक हो गया।
प्रदीप अग्रवाल ने दावा किया कि लिफ्ट से बाहर आने पर पता लगा कि संबंधित स्टाफ के पास लिफ्ट खोलने के लिए चाबी भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह मॉल प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते। बस आगे यह उम्मीद करते हैं कि व्यवस्था में सुधार हो जाए।
शॉप्रिक्स मॉल मैनेजर प्रमोद कुमार ने दावा किया कि 14 मार्च को लिफ्ट में किसी के फंसने की कोई घटना नहीं हुई। इस संबंध में संबंधित स्टाफ से कई बार पूछताछ की गई है। किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी है और न ही मॉल मैनेजमेंट से संपर्क किया है।











Discussion about this post