मुज़फ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित रामपुरी मोहल्ले में बीती रात एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। हादसे में घर के इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल उपकरण जलकर नष्ट हो गए, वहीं रसोई की गैस पाइपलाइन में आग लगने से स्थिति भयावह हो गई। हालांकि बच्चों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 11 बजे रेनू शर्मा का परिवार घर के भीतर था, जबकि बाहर तेज आंधी, तूफान और बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी चमक रही थी। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे रेनू शर्मा के मकान पर गिरी। इसके प्रभाव से घर के भीतर मौजूद टीवी, पंखे, बल्ब, इनवर्टर, बिजली फिटिंग्स और अन्य गैजेट्स या तो जल गए या तेज आवाज के साथ फट गए।
इतना ही नहीं, रसोईघर की गैस पाइपलाइन में भी आग लग गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घर में मौजूद बच्चे इस खतरनाक स्थिति से भयभीत जरूर हुए, लेकिन उन्होंने बुद्धिमानी दिखाते हुए तुरंत गैस पाइपलाइन का मुख्य लीवर बंद कर दिया और सभी बच्चे भागकर घर से सुरक्षित बाहर निकल गए। बच्चों की इस सूझबूझ और हिम्मत से एक बड़ा हादसा टल गया और पूरे परिवार की जान बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली गिरने की यह पहली बड़ी घटना है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में लाइटनिंग अरेस्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।











Discussion about this post