मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के घौलरी गांव में आवारा कुत्तों का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह गांव के मुख्य चौराहे पर हुई हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां झुंड में घूम रहे कुत्तों ने एक बेसहारा गाय को जिंदा नोच-नोच कर मार डाला। हैरानी की बात यह रही कि इस वीभत्स घटना को गांव वाले मूकदर्शक बनकर देखते रहे, लेकिन किसी ने न तो कुत्तों को भगाने की कोशिश की और न ही गाय को बचाने का प्रयास किया।
स्थानीय निवासी जोगिंदर पाल ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि कुत्ते गाय पर झपट रहे हैं तो उन्होंने तुरंत ग्राम प्रधान को सूचना दी, लेकिन प्रधान की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। बाद में किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों के निर्देश पर मृत गाय को वहां से हटवाया गया।
“गाय को बचाने के लिए किसी ने कुछ नहीं किया। मैंने प्रधान को भी सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब वीडियो वायरल हुआ तब जाकर अधिकारी हरकत में आए।”
गांव में पहले भी बच्चों और मवेशियों पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में बढ़ते कुत्ता आतंक को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।











Discussion about this post