मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर में छुट्टी मांगने पर कारोबारी ने ट्रक चालक से खुद को थप्पड़ मारने की शर्मनाक सजा दी। वीडियो वायरल, ड्राइवर संगठनों में आक्रोश, कानूनी कार्रवाई की मांग तेज।
मुजफ्फरनगर में ट्रक चालक को छुट्टी मांगना इतना भारी पड़ जाएगा, किसी ने सोचा भी न होगा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर के एक कारोबारी ने अपने ट्रक चालक मनोज यादव को सिर्फ छुट्टी मांगने पर अपने ही गाल पर 20 थप्पड़ मारने की सजा दी। यही नहीं, अपने साथी से भी थप्पड़ लगवाया गया और अपशब्दों की बौछार की गई।
वीडियो में कारोबारी साफ तौर पर चालक से कह रहा है-‘जोर से थप्पड़ मारो, नहीं तो दस हजार रुपये देने पड़ेंगे।’ जब चालक धीमे थप्पड़ मारता है तो उसे जोर से थप्पड़ मारने को मजबूर किया जाता है।
यह वीडियो बुधवार को वायरल हुआ और व्यापारी और ड्राइवर संगठनों में आक्रोश फैल गया। वीडियो में दिखने वाला चालक कानपुर देहात निवासी मनोज यादव बताया गया है। घटना के बाद से वह अपने घर लौट गया है और बताया जा रहा है कि थप्पड़ की वजह से उसके कान में चोट आई है।
ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रिंस यादव ने इस घटना को ‘मानव गरिमा के खिलाफ’ बताते हुए कहा कि कारोबारी ने सीधे-सीधे उत्पीड़न किया है, और मामले में प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
सीओ नई मंडी रुपाली रॉय ने कहा कि अब तक पीड़ित की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है, लेकिन तहरीर मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post