मुजफ्फरनगर। शहर में लोगों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण और बढ़ती वाहनों की संख्या को देखते हुए अंसारी रोड का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। नगर पालिका के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग ने चौड़ीकरण कार्य प्रारंभ करा दिया है। सड़क चौड़ीकरण से एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों सहित मार्ग से दिन भर गुजरने वाले हजारों लोगों को सुविधा होगी।
शहर के मध्य से गुजर रहे मेरठ-रुड़की रोड पर दिन भर वाहनों की कतार नहीं टूटती। इस सड़क से अधिकतर वाहन अंसारी रोड की ओर आते हैं। यह मार्ग रुड़की रोड को भोपा और रेलवे रोड से जोड़ता है, जिस कारण दिन भर इस रोड पर वाहनों का आवागमन जारी रहता है।
अंसारी रोड के दोनों ओर कई आवासीय काॅलोनियां होने के कारण भी वाहनों की संख्या बढ़ने से आवागमन में दिक्कत होती है। मल्हूपुरा, लद्दावाला, घासमंडी, आहिल्याबाई चौक, सरवट रोड के साथ मालवीय चौक से होते हुए यातायात गांधीनगर भोपा रोड फ्लाईओवर तक जाता है। वहीं टाउनहाल, सदर बाजार, कचहरी मार्ग, रेलवे रोड आदि से होते हजारों वाहन प्रतिदिन नावल्टी चौराहा की ओर आते हैं।
अंसारी रोड पर ई-रिक्शा, छोटे-बड़े दोपहिया, चौपहिया वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। पालिका निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि नगर पालिका ने नावल्टी चौक से लेकर मालवीय चौक तक अंसारी रोड के लगभग 600 मीटर (आधा किलोमीटर से अधिक) भाग का चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया था, जिस पर काम शुरू हो गया है।
बताया कि पहले यहां निर्माण कार्य पालिका स्वयं करना चाहती थी। निर्माण पर आने वाला खर्च अधिक होने के कारण चौड़ीकरण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। मरम्मत एवं निर्माण के बाद यह सड़क 14 मीटर चौड़ी हो जाएगी। बताया कि चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को 80 लाख से अधिक रुपया स्थानांतरित किया गया है।











Discussion about this post