शामली। जिलाधिकारी शामली अरविंद कुमार चौहान ने आज भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में, जिलाधिकारी ने विधानसभा शामली के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बनत, उच्च प्राथमिक विद्यालय बनत, और वीवी इंटर कॉलेज के मतदेय स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एसआईआर (Special Intensive Revision) से संबंधित फ़ीडिंग सहित अन्य कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति जांची और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लापरवाही करने पर होगी कड़ी कार्रवाई-
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित एसडीएम को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसडीएम अपने-अपने देखरेख एवं पर्यवेक्षण में सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को निर्देशित करें कि वे घर-घर जाकर फॉर्म भरवा कर जमा कराएं।
डीएम चौहान ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, इस कार्य में लापरवाही करने वाले सभी संबंधित अधिकारी दंडित किए जाएंगे। एसआईआर कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसे निर्धारित समय अवधि में प्राथमिकता पर पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम शामली अर्चना शर्मा और एसडीएम न्यायिक हामिद हुसैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











Discussion about this post