शामली। शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में सहारनपुर-करनाल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। गांव गोहरनी के पास कार को बचाने के प्रयास में लोहे की सरिया से भरा ट्रक पलट गया। हादसे में गांव मालैंडी निवासी उमंग और उसकी मां कैलाश की मौत हो गई।
घटना उस समय हुई जब उमंग और उनकी मां कैलाश शामली से किसी काम से वापस लौट रहे थे। दोनों गोहरनी चौराहे पर गन्ने का जूस पी रहे थे। इसी दौरान सहारनपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को बचाने के प्रयास में संतुलन खो दिया। ट्रक अनियंत्रित होकर जूस के ठेले पर पलट गया।
हादसे में ठेले पर खड़े मां-बेटे ट्रक के नीचे दब गए। जूस का ठेला चलाने वाले और आसपास मौजूद अन्य लोग भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो जेसीबी मशीनों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।











Discussion about this post