सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर जिले के सरसावा क्षेत्र के शाहजहांपुर में कांवड़ शिविर के बाहर शुक्रवार रात उस समय हंगामा मच गया जब कांवड़ यात्रा के दौरान पैदल जा रहे एक शिवभक्त को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के कांवड़ियों में विवाद हो गया। कार में तोड़फोड़ की गई। बाद में समझौता हो गया।
घटना शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों की इनोवा कार पैदल चल रहे शिवभक्त की कांवड़ से टकरा गई। कांवड़ को नुकसान पहुंचने पर शिवभक्त नाराज हो गए। इसके बाद हाथों में लिए लाठी-डंडों से कार में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस मौके पर पहुंची।
बीच-बचाव कराने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित कांवड़ियों को देखकर तैनात पुलिसकर्मी पीछे हट गए। कुछ देर बाद एसपी देहात सागर भी पहुंचे। कार में सवार कांवड़ियों ने बताया कि वह हरियाणा के अंबाला जिले के निवासी हैं। बाद में पता चला कि दोनों ही पक्ष हरियाणा से हैं। इसी आधार पर मामला शांत हुआ और आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया।
कार में तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद वीडियो एक से दूसरे और दूसरे से तीसरे ग्रुपों में तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में कांवड़िए कार में हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 11 सेकेंड का है।
मामला शाहजहांपुर क्षेत्र का है। एक व्यक्ति सड़क को क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान हाईवे पर कार लगने से वह घायल हो गया। कार को क्षतिग्रस्त किया। स्थिति नियंत्रण में है। -सागर जैन, एसपी देहात











Discussion about this post