मेरठ। दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप के पास शुक्रवार देर रात लगभग डेढ़ बजे 168 साल पुरानी मस्जिद को हटा दिया गया। नमो भारत रैपिड निर्माण कार्य के चलते आपसी सहमति से मस्जिद हटाने का काम शुरू किया गया। हरे पर्दे लगाकर एनसीआरटीसी और पुलिस अधिकारियोें की मौजूदगी में मस्जिद हटाने का काम किया गया।
मस्जिद को सहमति से हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और एनसीआरटीसी के अधिकारी प्रयासरत थे। मस्जिद से जुड़े मुतव्वली से अधिकारियों ने इस संबंध में वार्ता की थी। इसके अलावा अन्य लोगों से भी इस संबंध में बात की गई। आपसी सहमति बनने के बाद बृहस्पतिवार को बिजली कनेक्शन काटकर मुख्य गेट हटवा दिया गया था। शुक्रवार दोपहर एडीएम सिटी ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंचे थे।
इसके बाद मस्जिद से पंखे और खिड़कियां और लोहे का अन्य सामान निकाला गया। देर रात में अधिकारी यहां पहुंचे। इसके बाद मस्जिद हटाने का काम शुरू कर दिया गया। बताया गया है कि मलबा हटाने का काम भी रात में ही शुरू कर दिया गया। पुलिसकर्मी इस दौरान मस्जिद से लगभग सौ मीटर दूर खड़े रहे।
शुक्रवार को मस्जिद में कुछ लोग जुम्मे की नजात अता करने के लिए यहां पहुंचे। लोगों का कहना था कि वह कई वर्षों से यहां नमाज अता करते रहे हैं। लेकिन अधिकारियों ने उन्हें यहां काम चलने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने दूसरी मस्जिद में नमाज अता की।
अधिकारियों का कहना है कि दिन में काम चलने के कारण व्यस्त दिल्ली रोड पर जाम लग सकता था। इसके चलते रात में काम शुरू किया गया। इसके अलावा धूल आदि रोकने के लिए हरे पर्दे लगाकर काम शुरू किया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस केवल व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद रही।











Discussion about this post