लखनऊ : मौसम विभाग ने यूपी के 38 जिलों में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में वज्रपात भी हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में प्री मानसून बारिश का दौर जारी है। तराई और पश्चिम में बूंदाबांदी के बाद अब शनिवार को बारिश का विस्तार पूर्वी यूपी में दिखेगा। शनिवार के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बूंदाबादी की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में कहीं-कहीं वज्रपात की भी संभावना है।
वहीं, बृहस्पतिवार और शुक्रवार के दौरान दिल्ली से सटे जिलों, बुंदेलखंड और तराई में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, रायबरेली, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोरखपुर आदि जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।
महाराजगंज के निचलौल में सर्वाधिक 58 मिमी बारिश दर्ज की गई। तराई के श्रावस्ती और शाहजहांपुर में ओले गिरने की भी सूचना मिली। इस दौरान प्रदेश में विभिन्न जगहों पर 30 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार से धूल भरी हवाएं भी चलीं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को भी पूर्वी और तराई हिस्से में हल्की से मध्यम बूंदाबादी की संभावना है। रविवार से बूंदाबांदी का दौर धीमा पड़ेगा और प्रदेश के दोनों संभागों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
यहां है गरज चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी
वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास के इलाकों में।










Discussion about this post