मुजफ्फरनगर। जीआईसी मैदान के बाद अब विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने पाथ-वे बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की सड़क का चयन किया है। डीएम आवास के बाहर लोक निर्माण विभाग के गन्ना शोध संस्थान को जाने वाली सड़क पर सवा करोड़ रुपये से पाथ-वे विकसित किया जाएगा।
इसमें खास बात यह है कि सड़क किनारे खड़े किसी पेड़-पौधे को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। यहां फैंसी लाइटों से सड़क को ऊंचा करके ट्रैक बनाया जाएगा। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में महाराजा परीक्षित हैप्पीनेस पार्क का निर्माण कराया है। जिसमें करोड़ों रुपये खर्च कर बुजुर्गों के लिए आरामदायक सीढ़ियां, युवाओं के लिए सेल्फी प्वाइंट और बच्चों के लिए टॉय ट्रेन की व्यवस्था की गई है।
वित्तीय वर्ष खत्म होने के साथ ही बजट का पूरा उपयोग करने की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए डीएम आवास के बाहर लोक निर्माण विभाग की सड़क को पाथ-वे में तब्दील किया जाएगा। सुजडू चुंगी चौराहे से अलग-अलग दिशाओं में दो पाथ-वे बनाए जाएंगे। मेरठ रोड पर सुजडू चुंगी से गन्ना शोध संस्थान की दीवार के नीचे तक ट्रैक बनाया जाएगा।
खास बात यह है कि विकास प्राधिकरण सड़क किनारे किसी भी पेड़-पौधे को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। यानी पर्यावरण की सुरक्षा के साथ ही नागरिकों को टहलने के लिए नया ट्रैक मिलेगा। गन्ना शोध संस्थान की दीवार के नीचे करीब 500 मीटर एरिया में ग्रीन पाथवे का निर्माण कराया जाएगा। गन्ना शोध संस्थान की दीवार से सटे नाले को भरकर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर छोटे-छोटे पार्क विकसित किए जाएंगे। फैंसी लाइटें और पेड़ लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
नगर निगम शहर के अंदर सर्कुलर रोड पर सुजडू चुंगी से चौधरी छोटू राम डिग्री कॉलेज तक के क्षेत्र में टहलने के लिए ट्रैक विकसित करेगा। सड़क के दोनों ओर पाथवे बनाए जाएंगे, जिसमें 1.50 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइलें और रेलिंग भी लगाई जाएंगी। नगर निगम निर्माण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एमडीए के अवर अभियंता हितेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मेरठ रोड पर लोक निर्माण विभाग की सड़क पर पाथवे का निर्माण कराया जाएगा।
इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। बिना किसी पेड़-पौधे को नुकसान पहुंचाए पाथ-वे का काम किया जाएगा। पेड़ों की सात फीट की ऊंचाई तक छंटाई की जाएगी। ट्रैक पर स्टील की कुर्सियां और फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी।











Discussion about this post