मुजफ्फरनगर। शहर की जर्जर यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक बड़ा और व्यवस्थित कदम उठाते हुए, मुजफ्फरनगर प्रशासन ने ई-रिक्शाओं के लिए एक नई और सुव्यवस्थित रूट निर्धारण प्रणाली लागू कर दी है। बुधवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस बहुप्रतीक्षित योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।
3 महीने के अध्ययन का परिणाम- 5 रूटों में बँटा शहर
शहर में यातायात के सुगम संचालन और सुदृढ़ प्रबंधन के लिए पिछले तीन महीनों से गहन अध्ययन, सर्वेक्षण और योजना निर्माण किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के मार्गदर्शन में, नगर पालिका क्षेत्र को सड़क सुरक्षा और जाम की समस्या को देखते हुए पाँच प्रमुख रूटों/जोन में विभाजित किया गया है।
इस नई व्यवस्था के तहत 960 ई-रिक्शाओं को रूट आवंटित किए गए हैं।
रूट संख्या आवंटित ई-रिक्शाओं की संख्या पट्टी का प्रस्तावित रंग (कलर कोड)
रूट नं-1 (रिंग रोड) 310 लाल
रूट नं-2 (लिंक रूट) 210 नीला
रूट नं-3 (लिंक रूट) 210 हरा
रूट नं-4 (लिंक रूट) 210 काला
रूट नं-5 (लिंक रूट-अल्प संख्या) 20 (कुल 50) सफेद
कुल ई-रिक्शा 960
यात्रियों के लिए कलर कोडेड सुविधा-
अधिकारियों ने बताया कि यह रूट प्रणाली सिर्फ पहली शुरुआत है। अगले चरण में, सभी ई-रिक्शाओं को उनके आवंटित रूट के अनुसार कलर कोडेड पट्टी (रंगबिरंगी रूट प्रणाली) से चिन्हित किया जाएगा। इससे यात्रियों को उनके गंतव्य (Destination) के अनुसार सही रंग का रिक्शा चुनने में आसानी होगी, जिससे समय की बचत होगी और यात्रा सुविधाजनक बनेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों का संदेश-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इस पहल को ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में एक मॉडल कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल शहर को जाम से मुक्ति दिलाएगी, बल्कि नागरिकों को समयबद्ध, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगी।
एसपी यातायात अतुल चौबे ने स्पष्ट किया कि बुधवार से यह रूट निर्धारण व्यवस्था प्रभावी हो गई है और निर्धारित रूट से इतर कोई भी ई-रिक्शा संचालित होता मिला, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका क्षेत्र के लिए निर्धारित विस्तृत रूट चार्ट-
रूट संख्या पट्टी का रंग रूट का विवरण (आना-जाना)
1 लाल (शहर क्षेत्र के अन्दर रिंग रोड) रोडवेज बस अड्डा, प्रकाश चौक, महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, फक्करशाह चौक, शामली अड्डा पुलिस चौकी, हनुमान चौक, आबकारी पुलिस चौकी, बकरा मार्केट, नावल्टी चौक, अस्पताल चौक, घास मंडी तिराहा, अन्सारी रोड, मालवीय चौक, मदन स्वीट्स, रेलवे स्टेशन, वापस रोडवेज बस अड्डा।
2 नीला (लिंक रूट) गुरूनानक ढाबा के सामने (शहर क्षेत्र की ओर से), बुढ़ाना रोड, बुढ़ाना रोड पुलिस चौकी, बरथावल मोड़, शनिदेव मंदिर, शामली/चरथावल बस अड्डा, शामली चौकी के सामने से कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, खालापार क्षेत्र के अन्दर से होते हुए मेरठ रोड, सुजडू गांव, राणा चौक, बहलना गांव के गेट के सामने तक।
3 हरा (लिंक रूट) महावीर चौक, सरकुलर रोड, सुजड्डू चुंगी पुलिस चौकी, राणा चौक, बहलना गांव के गेट के सामने तक, जाट कॉलोनी, परिक्रमा मार्ग, टिकैत चौक, भगीरथ चौक, ए टू जैड कॉलोनी, अलमासपुर चौराहा, नई मंडी क्षेत्र, कूकड़ा चौराहा, बाला जी चौक, जानसठ रोड फ्लाई ओवर के नीचे, भोपा रोड विश्वकर्मा चौक।
4 काला (लिंक रूट) मदन स्वीट्स, गांधी कॉलोनी, गढ़ी गांव, पचेण्डा गांव फ्लाई ओवर के नीचे तक, सरवट गांव, मल्हूपुरा, साकेत रोड कॉलोनी के अन्दर, बृहमपुरी कॉलोनी के अन्दर, अस्पताल चौक वाया मदनी चौक, बागोवाली कट (NH को छोड़कर), रुड़की रोड, मिमलाना रोड, न्याजूपुरा, रामलीला टीला, रामपुरी, पाल धर्मशाला, इन्द्रापुरी, सहारनुपर बस अड्डा, रामपुर तिराहा तक।
5 सफेद (लिंक रूट) प्रकाश चौक, अम्बेडकर चौक, कचहरी, झांसी की रानी, टाउन हॉल, बाला जी चौक, सदर बाजार, मालवीय चौक, न्यू आर्य पुरी, शिव चौक, आलू मंडी, रुड़की रोड नावल्टी चौक तक।
आमजन से अपील-
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए केवल निर्धारित रूट वाले ई-रिक्शा का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। इस कार्य में एआरटीओ विभाग का सहयोग भी सराहनीय रहा।










Discussion about this post