शामली। उत्तर प्रदेश के शामली ज़िले से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। राजू नाम का एक दिव्यांग व्यक्ति पिछले 10 सालों से कांवड़ यात्रा पर शिव भक्तों को मुफ़्त चाय पिलाकर उनकी थकान दूर कर रहा है। राजू रोज़ाना इलेक्ट्रिक बाइक से लगभग 3 किलोमीटर का सफ़र तय करके शिव भक्तों को चाय पिलाता है।
श्रावण के पवित्र माह में हरिद्वार से कावड़ लेकर लाखों शिवभक्त शामली से गुजरते हुए हरियाणा और राजस्थान की ओर बढ़ रहे हैं। कावड़ मार्ग पर कई स्थानों पर शिव भक्तों की सेवा के लिए शिविर लगाए गए हैं, लेकिन राजू का सेवा भाव अनूठा और प्रेरणादायक है। वे अपने कस्बा बनत से शामली शहर के हनुमान धाम तक कावड़ मार्ग पर शिव भक्तों को निशुल्क चाय पिला कर उनकी थकान मिटाते हैं।
राजू इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और अपने सेवा कार्य के लिए स्थानीय लोगों और शिव भक्तों की खूब प्रशंसा पा रहे हैं। शिव भक्त कहते हैं कि दिव्यांग होते हुए भी राजू का यह सेवा भाव अत्यंत प्रेरणादायक है।
राजू ने बताया कि उनकी यह सेवा भाव की शुरुआत लगभग 10 साल पहले हुई जब वे खुद कावड़ लेकर हरिद्वार गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने देखा कि कई लोग शिव भक्तों की सेवा में लगे हैं, तो उन्होंने भी सेवा करने का मन बना लिया। अब रोजाना 10 से 12 लीटर दूध चाय बनाने में खर्च होता है। राजू एक छोटे इलेक्ट्रिशियन हैं और अपने काम के साथ-साथ यह सेवा कर रहे हैं।











Discussion about this post