मेरठ। भाजपा नेता जयकरण गुप्ता के भतीजे इंजीनियर हर्षित गुप्ता पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों पक्षों पर हुई एफआईआर को लेकर भाजपा नेताओं में आक्रोश है। संयुक्त व्यापार संघ और भाजपा नेताओं ने पहले वेस्ट एंड रोड स्थित होटल में बैठक की। उसके बाद सदर बाजार थाने का घेराव कर दिया।
थाने में भाजपा नेता धरने पर भी बैठ गए। एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने जयकरण गुप्ता पक्ष पर हुई एफआईआर को वापस लेने की मांग की। एसपी सिटी ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वह मुकदमा वापसी नहीं करेंगे। हालांकि निष्पक्ष जांच की बात एसपी सिटी ने कही। इसके बाद भाजपा नेता लौट गए।
रोडरेज की घटना में भाजपा नेता जयकरण गुप्ता के भतीजे इंजीनियर हर्षित गुप्ता और उनके भाई नीरज पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। हमलावर जनता दल से पूर्व सांसद रहे हरीश पाल के परिवार के हैं। नामजद आरोपी अक्षय, अर्जुन और ऋषभ को सदर बाजार पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बेगमपुल के पास हुई हमले की वारदात का वीडियो क्लिप सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हाेने के बाद पुलिस ने दोनों ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज की।
देवपार्क बागपत रोड निवासी भाजपा नेता जयकरण गुप्ता का भतीजा हर्षित गुप्ता मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर है। वह परिवार के साथ सोमवार दोपहर करीब दो बजे कार से बेगमपुल अपने गुप्ता स्टोर पर जा रहा था। बागपत रोड पर शंभूनगर के पास ट्रक खड़ा होने पर साइड को लेकर थार सवार युवकों की हर्षित गुप्ता से कहासुनी हो गई थी। हर्षित बेगमपुल पर अपने गुप्ता किराना स्टोर पर पहुंचे तो आरोपी युवक लाठी-सरिये लेकर थार, स्कार्पियो और तीन स्कूटी पर सवार होकर आए।
उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी और हर्षित के सिर में रॉड से हमला किया। बीच-बचाव के लिए आए हर्षित के ताऊ नीरज आदि से भी मारपीट की गई। हर्षित के सिर में सात टांके आए। पुलिस ने थार कार को सीज कर दिया था। सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने सोमवार को दोनों ओर से हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
भाजपा नेता के भतीजे हर्षित ने सदर बाजार थाने पर अक्षय, अर्जुन, ऋषभ निवासी पीली कोठी नवल विहार बागपत को नामजद कराते हुए अन्य आठ-दस अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, अक्षय की ओर से हर्षित गुप्ता, नरेश गुप्ता के नामजद और चार-पांच अज्ञात के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।











Discussion about this post