सहारनपुर। नागल रुड़की-पंचकूला नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक दिनेश कुमार (25 वर्ष) निवासी गांव हुलाशगढ़, थाना देवबंद की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरकर हरियाणा के यमुनानगर बेचने जा रहा था। जैसे ही वह गांव लाखनौर के निकट ओवर ब्रिज पर पहुंचा, वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से दिनेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक दिनेश कुमार अपने पीछे दो छोटे बेटे छोड़ गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











Discussion about this post