मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ से शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां स्थि लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज (LLRM) के ऑर्थो वार्ड में जो हुआ है, उससे हड़कंप मचा हुआ है. आरोप है कि 13 साल की एक किशोरी के साथ वार्ड के वॉशरूम में गंदा काम किया गया. आरोप है कि वारदात को वार्ड में भर्ती मरीज के तीमारदार भाई ने अंजाम दिया.
किशोरी के परिजनों ने थाना मेडिकल में शिकायत की. इसके बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया. आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल इकली थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी की 13 साल की बेटी के घुटने में कुछ समस्या थी. मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाया तो उन्होंने उसे भर्ती कर लिया. उसका ऑपरेशन भी किया गया. पीड़िता की मां भी उसके साथ थी.
इसी वार्ड में उत्तराखंड के काशीपुर निवासी मोहित भी भर्ती है. काशीपुर से हरिद्वार आते हुए टेंपो पलटने से उसका पैर कट गया था, जिसको हरिद्वार से मेरठ रेफर किया गया था. उसकी तीमारदारी को उसका भाई 20 वर्षीय रोहित उसके साथ आया था.
शनिवार रात को किशोरी की मां कुछ सामान लेने गई थी. आरोप है कि किशोरी वॉशरूम गई, तभी आरोपी रोहित ने उसका पीछा किया और वॉशरूम के अंदर ही उसके साथ गंदा काम कर दिया. घटना की जानकारी किशोरी ने अपनी मां को दी. मां बेटी को लेकर फौरन मेडिकल थाने पहुंची और केस दर्ज करवाया. मेडिकल थाना पुलिस ने रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
इस पूरे मामले को लेकर मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने बताया, थाना मेडिकल क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज पड़ता है. यहां पर ऑर्थो वार्ड में एक 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. परिजनों द्वारा तहरीर दी गई थी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी रोहित नाम का युवक है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी काशीपुर का रहने वाला है.











Discussion about this post