खतौली। मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के गांव अंती में संजय गुर्जर की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे प्रिंस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मुकदमा गैर इरादतन हत्या की धारा में दर्ज किया गया है।
घटना 31 जुलाई की है, जब संजय गुर्जर अपने खेत में मजदूरों से गन्ने की बंधाई करा रहे थे। तभी मजदूरों ने उन्हें सूचना दी कि खेत में कुछ संदिग्ध बदमाश मौजूद हैं। संजय ने तुरंत अपने पुत्र प्रिंस को फोन कर खेत पर आने को कहा और अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक लेकर आने का निर्देश दिया।
प्रिंस अपने चचेरे भाइयों और ग्रामीणों के साथ पिता की बंदूक लेकर खेत पर पहुंचा। बदमाशों की तलाश के दौरान अचानक उसके हाथ से बंदूक का ट्रिगर दब गया और गोली संजय को जा लगी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के पुत्र प्रिंस ने शुरुआत में थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी थी। लेकिन अगले ही दिन संजय के भाई धर्मवीर ने पुलिस को पूरी सच्चाई से अवगत कराया। इसके आधार पर पुलिस ने धारा 105 बीएनएस (गैर इरादतन हत्या) और 30 आयुद्ध अधिनियम के तहत केस दर्ज करते हुए प्रिंस को गांव गदनपुरा चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाल बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई में एसआई मुकेश कुमार, एसआई मनोज सिंह और कांस्टेबल किशोर कुमार की अहम भूमिका रही।










Discussion about this post