शाहपुर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे के व्यस्त मुख्य बाजार में गुरुवार देर रात हुए रहस्यमयी विस्फोटों के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इस घटना में तीन दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ था। घटनास्थल पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट का सभी को इंतजार है।
स्थानीय व्यापारियों और निवासियों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि जिन दुकानों में धमाका हुआ, उनमें से एक अनिल वर्मा ज्वेलर्स की दुकान पूरी तरह तबाह हो गई, लेकिन वहां रखा लगभग पांच किलो का गैस सिलेंडर और एयर कंडीशनर (AC) बिल्कुल सुरक्षित मिला। इससे यह आशंका और गहरी हो गई है कि धमाका किसी बाहरी विस्फोटक सामग्री के माध्यम से किया गया होगा।
अनिल वर्मा ने बताया कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि न सिर्फ उनकी दुकान की दीवारें और बीम टूट गईं, बल्कि सामने की 12 फुट चौड़ी सड़क के पार स्थित रमेशचंद्र सिंघल की दुकान का शटर तक उखड़ गया। इस घटना से व्यापारी वर्ग में रोष और डर दोनों व्याप्त हैं।
धमाके की खबर लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। हालांकि जब तक फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक अधिकारी कोई स्पष्ट बयान देने से बच रहे हैं। इस बीच व्यापारियों और आमजन की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह कोई हादसा था या किसी गहरी साजिश का हिस्सा।










Discussion about this post