मुजफ्फरनगर। जिले में पुलिस विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने कड़ा संदेश देते हुए अवैध वसूली में लिप्त पाए गए चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों में दो दरोगा और दो सिपाही शामिल हैं। यह कार्रवाई दो अलग-अलग थानों के अंतर्गत हुई है।
तितावी थाना क्षेत्र की लालूखेड़ी चौकी के प्रभारी अशोक यादव पर स्थानीय लोगों ने अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने जांच का जिम्मा क्षेत्राधिकारी (CO) को सौंपा। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
इसी तरह, बुढाना थाना क्षेत्र में तैनात दरोगा गोविंद चौधरी और सिपाही अनुज व मोहित के खिलाफ भी अवैध वसूली की शिकायतें मिली थीं। इन मामलों की जांच के बाद तीनों को लाइन हाजिर किया गया है।
SSP संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा भ्रष्टाचार या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “पुलिस की छवि खराब करने वालों के लिए विभाग में कोई स्थान नहीं है। शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और इसे एसएसपी की भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक सख्त कदम माना जा रहा है।










Discussion about this post