मुजफ्फरनगर। सावन माह में जहां श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, वहीं हिंदू युवा वाहिनी ने सेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। संगठन के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रहलाद पाहुजा के नेतृत्व में शिव चौक पर कांवड़ यात्रियों को केले, आम, सेब, अमरूद और नाशपाती जैसे पौष्टिक फल वितरित किए गए।
यह सेवा कई घंटों तक निरंतर चली, जिसमें हरिद्वार से लौटते हुए श्रद्धालुओं को स्नेहपूर्वक फल भेंट किए गए। इस अवसर पर प्रहलाद पाहुजा ने कहा कि“सावन मास भक्ति, पवित्रता और सेवा का प्रतीक है। हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक भगवा रंग में रंगे हुए मार्ग हिंदुत्व की चेतना को और अधिक मजबूत कर रहे हैं। यह दृश्य वास्तव में गौरवपूर्ण और आत्मगौरव से भरा है।”
उन्होंने बताया कि लक्ष्मीनगर में आयोजित यह सेवा कार्यक्रम न केवल धार्मिक पहल है, बल्कि सामाजिक समर्पण की भावना का भी प्रतीक है। पाहुजा ने कांवड़ यात्रियों के शांतिपूर्ण आगमन के लिए आभार जताया।
साथ ही जिले के प्रशासन की भी प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा “जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इस बार जो तत्परता और सजगता दिखाई है, वह सराहनीय है। कप्तान साहब सहित पूरी टीम ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।”
मुजफ्फरनगर में इस प्रकार की पहलें कांवड़ यात्रा को न केवल एक धार्मिक आयोजन, बल्कि भक्ति, सेवा, सौहार्द और अनुशासन का जीवंत उदाहरण बना रही हैं। प्रशासन, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के सहयोग से यह यात्रा सफलता की नई मिसालें कायम कर रही है।










Discussion about this post