नई दिल्ली : फैंस के लिए खुशखबरी है कि इस साल भारत और पाकिस्तानी टीमों के बीच 3 और मैच संभव हैं। एशिया कप 2025 का आयोजन इस साल सितंबर में किया जाएगा। एशिया कप 2025 में कुल 19 मैच खेले जाएंगे। उम्मीद है कि टूर्नामेंट सितंबर के दूसरे हफ्ते में शुरू होगा जो इस महीने के चौथे हफ्ते तक चलेगा।
हालांकि इसका आधिकारिक शेड्यूल आना अभी बाकी है। एशिया कप में कुल 8 टीमें खेलेंगी। मेजबान भारत और पाकिस्तान ग्रुप ए में शामिल हैं। दोनों के बीच ग्रुप स्टेज के मुकाबले के बाद टीमें इस टूर्नामेंट में 2 और मैच खेल सकती हैं। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच एक मैच तय है, क्योंकि दोनों एक ही ग्रुप में हैं इसके बाद अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो उनके बीच खिताबी भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
भारत एशिया कप 2025 का मेजबान है। लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक यह आयोजन भारत से बाहर हो सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच खराब राजनीतिक संबंधों के चलते एसीसी टूर्नामेंट का आयोजन बाहर कर सकता है लेकिन भारत इसका मेजबान बना रहेगा।
एशिया कप 2025 के लिए वैकल्पिक आयोजन स्थलों के तौर पर श्रीलंका और यूएई पर चर्चा हो रही है। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें खेलेंगी। भारत और पाकिस्तान के अलावा बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, यूएई, ओमान और हांगकांग की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।
2031 तक एशिया कप के लिए 4 आयोजन स्थल तय हो चुके हैं। बांग्लादेश 2027 में मेजबानी करेगा, इस सीजन एशिया कप वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा। पाकिस्तान 2029 में मेजबानी करेगा लेकिन यह आयोजन तटस्थ स्थल पर खेला जाएगा, यह टी20 फॉर्मेट में होगा। एशिया कप का 2031 संस्करण वनडे फॉर्मेट में श्रीलंका में आयोजित किया जाएगा।











Discussion about this post