बागपत। होली के दिन जिलेभर में कई जगहों पर हुई मारपीट और पथराव की घटनाओं में 40 से अधिक घायल हो गए। घायलों का सीएचसी और जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। उधर, तहरीर मिलने पर पुलिस ने कई घटनाओं का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के मेरठ रोड पर वात्सायन पैलेस के पीछे दो पक्षों में मारपीट व पथराव हुआ तो बाइकों में तोड़फोड़ की गई। बड़ा बाजार में रहने वाले अभिषेक ने बताया कि शुक्रवार को अपने साथी नीरू और निशांत के साथ वहां होली खेल रहा था। वहां तभी कृष्णा निवासी निबाली अपने साथी टिंकू बंसल निवासी मास्टर कालोनी, विनीत, शुभम बंसल निवासी अहैड़ा के साथ आया और गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर धारदार हथियारों और ईंटों से हमला कर दिया। इसमें अभिषेक, निशांत और पीरु घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया और हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक गाड़ी भी जब्त कर ली। घर में घुसकर महिलाओं को जबरन रंग लगाने पर भिड़े : अमीनगर सराय कस्बे के माता मोहल्ले में ब्राह्मण चौपाल के पास दो बाइकों पर चार युवक पहुंचे। चारों युवकों ने प्रदीप सैन के घर में घुसकर महिलाओं और लड़कियों को जबरन रंग लगाना शुरू कर दिया। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता कर मारपीट की गई। इसमें महिलाओं समेत तीन घायल हो गए।
शोर सुनकर पड़ोसी वहां आए तो तीन युवक अपनी बाइक छोड़कर भाग गए, जबकि एक को पकड़कर पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि झगड़े में महिला के कान से सोने का कुंडल भी गायब कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद आरोपियों ने दोबारा वहां जाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post