बागपत। खेकड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत संपत्ति विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। जलालाबाद निवासी प्रॉपर्टी डीलर रमन पाल (55) ने अपनी पत्नी संगीता (50) की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि पत्नी ने पति द्वारा खरीदा गया मकान अपने ममेरे भाई के नाम कर दिया था।
विवाद की जड़: ममेरे भाई के नाम की गई प्रॉपर्टी-
पुलिस जांच के अनुसार, रमन पाल ने दो साल पहले रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में एक मकान खरीदा था और उसे अपनी पत्नी संगीता के नाम कर दिया था। रमन जलालाबाद में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग करता था, जबकि संगीता खेकड़ा में अपने ममेरे भाई राजीव के घर रह रही थी।
संगीता ने रमन को बताए बिना वह मकान ममेरे भाई राजीव के नाम ट्रांसफर कर दिया। जब रमन को इसका पता चला तो विवाद शुरू हुआ। संगीता ने अपनी बाकी संपत्ति भी राजीव के नाम करने की धमकी दी, जिससे रमन आपा खो बैठा।
हत्या का खौफनाक मंजर-
बुधवार सुबह करीब 8 बजे रमन पाल खेकड़ा स्थित राजीव के घर पहुंचा। वहाँ संपत्ति को लेकर फिर से झगड़ा हुआ। गुस्से में रमन ने हथौड़े और छैनी से संगीता के सिर, चेहरे और गले पर ताबड़तोड़ वार किए। हमला इतना भीषण था कि संगीता की एक उंगली कटकर अलग गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाने पहुंचकर बोला- ‘साहब, मैंने पत्नी को मार दिया’-
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रमन पाल सीधे खेकड़ा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां खून से सना हथौड़ा और छैनी बरामद हुई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़-
रमन और संगीता का एक बेटा प्रदीप (ट्रक चालक, मेरठ) और एक बेटी आरजू है। दोनों की शादी हो चुकी है। मां की मौत और पिता के जेल जाने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक और जांच अधिकारी प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











Discussion about this post