बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गाँव में 28 वर्षीय युवक ने पाँच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की माँ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तीन बच्चों का पिता है। पीड़ित बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर 12 बजे पांच वर्षीय बच्ची अपने सात साल के भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी मुकेश यहां आया। मुकेश ने बच्ची और उसके भाई को दुकान से सोया का पैकेट खरीदकर दिया। इसके बाद बच्ची का भाई घर चला गया। मुकेश बच्ची को और सोया देने की बात कहकर अपने साथ घर ले गया। वहां उसने बच्ची से दुष्कर्म किया।
बच्ची के रोने पर किसी की आहट सुनकर भाग खड़ा हुआ। बच्ची रोती-बिलखती घर पहुंची तो गुप्तांग और कपड़ों पर खून देखकर मां सब माजरा समझ गई। बच्ची के भाई ने भी बता दिया कि मुकेश अंकल ही बहन को अपने घर की ओर लेकर गए थे। तब बच्ची की मां ने परिवार के लोगों के साथ भोजीपुरा थाने जाकर तहरीर दी।
घटना की सूचना थाने पर मौजूद पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी को दी। सोलंकी उस वक्त मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बरेली में ड्यूटी कर रहे थे। यहीं से वह गांव पहुंचे। उन्होंने आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। रिपोर्ट दर्ज करने से पहले ही बच्ची को मेडिकल परीक्षण व उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल भिजवाया गया।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि घटना के बारे में भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक से जानकारी की गई। उन्होंने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई थी। पीड़ित बच्ची की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बच्ची की हालत ठीक है।
पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी की छवि मोहल्ले में अच्छी नहीं है। उसने कुछ साल पहले बिहार की महिला से शादी की है। उसके दो बच्चे पहले से हैं। हाल ही में उसकी पत्नी ने तीसरे बच्चे को जन्म दिया है। आरोपी की पत्नी अपने ससुर के घर पर थी। आरोपी अपने छोटे से घर में अकेला रह रहा था। इसी दौरान वह बालिका को घर ले गया।











Discussion about this post