शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात से पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। अपने साले की शादी समारोह के लिए नोटों की माला लेकर बाइक पर जा रहे जीजा ने जब लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। बदमाश करीब डेढ़ लाख रुपये के नोटों का हार और बाइक लूटकर फरार हो गए।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह वारदात गुरुवार को कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव खुरगान में हुई। खुरगान निवासी इमलाक की गुरुवार को बारात जानी थी। शादी समारोह के लिए उसका रिश्ते का जीजा शाहनवाज (28), निवासी झारागढ़ी, थाना गन्नौर, जनपद सोनीपत, हरियाणा, अपनी पत्नी महफरीन के साथ सुबह करीब 10 बजे बाइक से कैराना से नोटों का हार लेकर खुरगान जा रहा था।
रास्ते में खुरगान मार्ग पर बाइक सवार चार से पांच बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने नोटों का हार लूटने की कोशिश की, जिसका शाहनवाज ने विरोध किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया और उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश नोटों का हार और बाइक लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शाहनवाज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीएचसी में मृतक के परिजनों से जानकारी ली।
एएसपी ने बताया कि शाहनवाज के गले और सीने पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हुई। मृतक की पत्नी महफरीन अभी सदमे में हैं और अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस लूट और हत्या के मामले की जांच कर रही है, और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और बदमाशों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है।











Discussion about this post