मोरना। मुजफ्फरनगर के मोरना ब्लॉक क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।बारिश के कारण खादर क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भर गया है। अब यह पानी खेतों से निकलकर गांवों की आबादी की ओर बढ़ गया है, जिससे कई घर जलमग्न हो गए हैं और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव मजलिसपुर तौफीर, खैर नगर, महाराज नगर और सिताबपुरी सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। ग्राम प्रधान योगेश चौहान ने बताया कि मजलिसपुर तौफीर गांव के ग्रामीण बिश्मबर सैनी, रोहित सैनी, शेखर चौहान, सोहनवीर चौहान, शेरसिंह चौहान के घरों में बारिश का पानी घुस गया है, जिससे उन्हें अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।
तेज बारिश के कारण सोलानी नदी किनारों से बाहर आ गई है। गांव के तीन मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन बाधित है। पंचायत सहायक कुलदीप कुमार ने बताया कि मनोज सैनी और शीशपाल सिंह पाल के घरों में भी पानी घुस गया है, और उन्हें अपने पशुओं को भी दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा।
ग्रामीण ज्ञानेंद्र सिंह, महेन्द्र सिंह चौहान, मदन सैनी, मोनू, अमित, दीपक सैनी, राहुल आदि ने बताया कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रभावित गांवों समेत उत्तराखंड सीमा तक पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है।










Discussion about this post