बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर को हुए सांप्रदायिक तनाव और बवाल के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोर्ट में एक और महत्वपूर्ण चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा सहित 38 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस टीम पर हमले और नारेबाजी का मामला-
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय की शिकायत पर दर्ज इस मामले में आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर उग्र भीड़ ने शाहदाना रोड और श्यामगंज पुल के पास पुलिस टीम पर दो बार हमला किया था। आरोप पत्र (Charge Sheet) के अनुसार, भीड़ ‘सिर तन से जुदा’ के भड़काऊ नारे लगाते हुए इस्लामिया मैदान की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही थी और इस दौरान अराजक तत्वों ने माहौल खराब करने के लिए सुरक्षा बलों को निशाना बनाया।
जांच में 38 नाम आए सामने-
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर द्वारा दाखिल इस चार्जशीट में कुल 38 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें तौकीर रजा के अलावा मोहम्मद आजम, फरहत खान, नाजिम रजा खां और अन्य स्थानीय लोग शामिल हैं। गौर करने वाली बात है कि आरोपियों में शाहजहांपुर के दो निवासी और एक बाल अपचारी (Juvenile) भी शामिल है। विवेचना के दौरान 9 नए नाम भी प्रकाश में आए, जिन्हें पुलिस ने चार्जशीट का हिस्सा बनाया है।
अब तक की कुल कार्रवाई-
बरेली बवाल से जुड़े कुल 12 मामलों में यह 10वीं चार्जशीट है। अब तक की जांच में पुलिस ने निम्नलिखित आंकड़े पेश किए हैं:
कुल आरोपी: 100 से अधिक लोग अब तक आरोपित किए जा चुके हैं।
गिरफ्तारी: वर्तमान में 87 आरोपी जेल में बंद हैं।
लंबित जांच: अभी भी दो मामलों में पुलिस की विवेचना जारी है।
पुलिस का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और शेष मामलों में भी जल्द ही कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।











Discussion about this post