लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्षों में कानून का राज स्थापित होने से जनता के बीच सरकार और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में यूपी की कानून-व्यवस्था की नींव सबसे महत्वपूर्ण है।
संबोधन की 5 बड़ी बातें-
जनता और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सिपाही से लेकर जोन स्तर के बड़े अधिकारी सीधे जनता और जनप्रतिनिधियों से जुड़ें। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि अधिकारी जनसंवाद बढ़ाएं, कॉल रिसीव करें और स्थितियों से सबको अवगत करवायें।
दंगा मुक्त यूपी से बदली धारणा: सीएम ने कहा कि यदि पहले की तरह दंगे और कर्फ्यू का माहौल रहता, तो यूपी को लेकर धारणा कभी नहीं बदलती। आज देश के 55% एक्सप्रेसवे, सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी यूपी में है, क्योंकि यहाँ सुरक्षा का माहौल है।
निवेशकों का बढ़ा भरोसा: “निवेशक आज यूपी में निवेश के लिए तैयार हैं क्योंकि उन्हें पता है कि यहाँ कानून का राज है।” मुख्यमंत्री ने इंफ्रास्ट्रक्चर में हो रहे बड़े निवेश का श्रेय सुधरी हुई कानून-व्यवस्था को दिया।
बिना भेदभाव न्याय और रोजगार: योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि पिछले 8 साल में किसी का चेहरा, जाति या मजहब देखकर सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिया गया। सबको समान रोजगार और सुरक्षा मिली, लेकिन जिसने भी कानून के साथ खिलवाड़ किया, उसे कड़ा सबक सिखाया गया।
फील्ड पर उतरें अफसर: उन्होंने अधिकारियों को नसीहत दी कि बेहतर पुलिसिंग मुख्यालय में बैठकर नहीं हो सकती। अधिकारी व्यापारियों और धर्माचार्यों से नियमित संवाद करें और थाना, सर्किल व पुलिस लाइन के बीच बेहतर तालमेल बिठाएं।










Discussion about this post