मुज़फ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेंडा रोड और बच्चन सिंह कॉलोनी में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया। कहीं लोगों को लाठी-डंडों से पीटा गया तो कहीं आधी रात करीब साढ़े 12 बजे यश शर्मा उर्फ पॉली नामक युवक को गोली मार दी गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक सवार युवकों ने लाठी-डंडों से लैस होकर मोहल्ले में दहशत फैलाई। कुछ लोगों से मारपीट की गई और एक स्थान पर बदमाशों द्वारा बंदूक लहराते हुए धमकी भी दी गई। घटना का वीडियो और फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिल रही है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में नई मंडी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।










Discussion about this post