मुज़फ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के भोपा रोड स्थित सिल्वर टोन पल्प एंड पेपर मिल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग मिल के गोदाम में रखे वेस्ट मैटीरियल में लगी थी, जिसने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया और लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयासों की निगरानी की। उन्होंने बताया कि गोदाम में रखे कच्चे माल में अचानक आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए तुरंत दमकल गाड़ियां भेजी गईं। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण आग तेजी से चारों तरफ फैल गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय संसाधनों से आग पर काबू नहीं पाने पर सहारनपुर, मेरठ और शामली से फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गईं। इसके साथ ही आसपास की अन्य पेपर मिलों जैसे बिंदल और मीनू पेपर मिल से भी फायर टेंडरों की सहायता ली गई। लगभग ढाई घंटे से अधिक समय से चल रही आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया, हालांकि कुछ हिस्सों में अभी भी आग लगी हुई है। अंदरूनी हिस्सों तक पहुंचने में दिक्कत होने के कारण रॉ मटेरियल को धीरे-धीरे हटाकर आग बुझाई जा रही है।
सिल्वर टोन मिल के मालिक संजीव जैन ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है और कोई जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। हालांकि, नुकसान कितना हुआ है इसका सही आंकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही किया जा सकेगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आग किन कारणों से लगी। तब तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेगा।










Discussion about this post