सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क किनारे गड्ढे में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान कुतुबपुर गाँव निवासी रजत (22) के रूप में हुई है, जो शुक्रवार रात दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
जानकारी के अनुसार, रजत शुक्रवार रात करीब आठ बजे गांव अपलाना में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने के लिए एक दोस्त की बुलेट बाइक लेकर निकला था। देर रात तक न वह पार्टी में पहुंचा और न ही घर लौटा। परिजन और ग्रामीण रातभर उसकी तलाश करते रहे।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव मंधौर और अपलाना के बीच सड़क किनारे गड्ढे में रजत का शव देखा, जो बुलेट बाइक के नीचे दबा हुआ था। घटना की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सैंपल लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जाम लगाने की कोशिश की। सीओ नकुड़ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को हर पहलू की जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। जबकि पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क हादसा मान रही है, परिजनों ने किसी साजिश की आशंका भी जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











Discussion about this post