मुजफ्फरनगर। जनपद के छपार थाना क्षेत्र के गांव जयभगवानपुर से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने अपने ही ससुराल वालों पर पति की मौत के बाद मिले मुआवजे की भारी-भरकम राशि हड़पने और घर से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़िता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
क्या है पूरा मामला?
जयभगवानपुर निवासी दीप अंशुल मेदपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। बीते अगस्त माह में फैक्ट्री में काम के दौरान करंट लगने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। पति की असामयिक मृत्यु के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने परिवार की आर्थिक मदद के लिए 13 लाख रुपये का मुआवजा दिया था।
ससुरालियों पर लगाया धोखाधड़ी और उत्पीड़न का आरोप-
मृतक की पत्नी साक्षी का आरोप है कि पति की मौत के बाद उसके ससुर रविन्द्र और उसके तीनों बेटों (देवर और जेठ) की नीयत खराब हो गई। उन्होंने मुआवजे की पूरी 13 लाख रुपये की राशि साठ-गांठ कर अपने पास रख ली। साक्षी का कहना है कि जब उसने अपने बच्चों के भविष्य के लिए इस पैसे में अपना हक मांगा, तो उसे फूटी कौड़ी भी नहीं दी गई।
साक्षी ने एसएसपी को बताया कि विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और धक्के मारकर घर से निकाल दिया। अब वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।
संपत्ति में हिस्से की मांग-
पीड़िता ने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि उसके ससुर के पास 12 बीघा जमीन और पुश्तैनी मकान है। पति की मृत्यु के बाद वह और उसके बच्चे इस संपत्ति के कानूनी वारिस हैं। पीड़िता ने मांग की है कि:
उसे मुआवजे की राशि वापस दिलाई जाए।
ससुराल की संपत्ति में उसका और उसके बच्चों का कानूनी हिस्सा सुनिश्चित किया जाए।
आरोपी ससुर और देवर-जेठ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस की कार्रवाई-
एसएसपी कार्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे बेहद गंभीर माना है। संबंधित थाना पुलिस को तत्काल जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।










Discussion about this post