शामली। जिले के कैराना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी अग्निवीर नितिन प्रजापति (25) की मध्य प्रदेश के सागर जिले में ट्रेनिंग के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। सोमवार सुबह दौड़ के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
नितिन चार माह पहले ही भारतीय सेना में बतौर अग्निवीर भर्ती हुए थे और इन दिनों सागर में ट्रेनिंग कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार और गांव में गहरा शोक है।
सेना अधिकारियों ने फोन पर परिजनों को घटना की सूचना दी। नितिन के चचेरे भाई अंकित प्रजापति ने बताया कि दौड़ के दौरान वह अचानक गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
नितिन के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद साधारण है। उनके पिता सतीश प्रजापति किराए पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। नितिन अविवाहित थे और परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन और कक्षा 12 में पढ़ने वाला छोटा भाई शिवम है।
नितिन की असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण बड़ी संख्या में नितिन के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। गांव के लोगों ने मांग की है कि सरकार परिवार को उचित आर्थिक सहायता और नौकरी देने पर विचार करे।











Discussion about this post