मुजफ्फरनगर। कल्कि धाम के संस्थापक आचार्य प्रमोद कृष्णन मंगलवार दोपहर मुजफ्फरनगर पहुंचे। उन्होंने कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर बात की।
‘आई लव मोहम्मद’ विवाद पर बोले आचार्य हाल ही में चर्चा में आए “आई लव मोहम्मद” विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के नाम पर दंगा कराना उनकी शिक्षाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा, “पैगंबर मोहम्मद साहब ने कभी भी हिंसा को उचित नहीं ठहराया।” एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक बार जब पैगंबर पर हमला हुआ और वे लहूलुहान हो गए, तब भी उन्होंने अपने विरोधियों को न तो बद्दुआ दी और न ही बदला लिया।
आचार्य ने अपने बयान में प्रेम और प्रदर्शन के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा, “जहां मोहब्बत है, वहां प्रदर्शन नहीं होना चाहिए, और जहां प्रदर्शन है, वहां मोहब्बत नहीं हो सकती।” उन्होंने आगे कहा कि पैगंबर मोहम्मद केवल मुसलमानों के ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के हैं, ठीक उसी तरह जैसे भगवान श्रीराम केवल हिंदुओं के नहीं, बल्कि सबके हैं।
राजनीति पर बोलते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी ने जितना कांग्रेस का बेड़ा गर्क किया है, आने वाले समय में वे पूरे विपक्ष का सत्यानाश कर देंगे।”
आचार्य ने गौहत्या पर पूरे देश में प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि “गाय सनातन धर्म की आत्मा है, इसलिए गौहत्या पर राष्ट्रीय कानून बनना चाहिए।” इसके साथ ही, उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून और समान नागरिक संहिता (कॉमन सिविल कोड) को देश में लागू करने की भी अपील की।
मुजफ्फरनगर के इतिहास का उल्लेख करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णन ने शहर का नाम बदलने के विचार का समर्थन किया। उन्होंने कहा, “मुजफ्फरनगर एक ऐतिहासिक शहर है। यदि इसके नाम को बदलकर लक्ष्मी नगर कर दिया जाए तो इसमें कोई बुराई नहीं है।”











Discussion about this post